सूरजपुर

रेलवे आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार में बस चालक गिरफ्तार
18-Aug-2026 10:11 PM
 रेलवे आरक्षित टिकटों के अवैध  कारोबार में बस चालक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 18 अगस्त। रेलवे आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ पोस्ट अम्बिकापुर में 17 अगस्त को समन के आधार पर उपस्थित हुए बस चालक से पूछताछ के बाद उसे रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर प्रकरण में संलग्न किया गया।

आरपीएफ के अनुसार रवि शंकर पटेल ग्राम डाडकारवां (सूरजपुर), अम्बिकापुर की सांई बाबा बस सर्विस में चालक के रूप में कार्यरत है। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले करीब 8-9 महीने से वह बैकुंठपुर से दिए गए रेलवे आरक्षित टिकटों को बस क्रमांक यूपी-65-जेटी 5673 के माध्यम से बनारस में संजय कुमार विश्वकर्मा तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे प्रत्येक लिफाफे के लिए 200 रुपये कमीशन मिलता था।

पूछताछ के दौरान आरपीएफ अधिकारियों ने उसे आरोपी संजय कुमार विश्वकर्मा एवं अविनाश कुमार की तस्वीरें दिखाईं, जिन्हें रवि शंकर पटेल ने पहचान लिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे जानकारी थी कि दोनों आरोपियों द्वारा रेलवे आरक्षित टिकटों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बावजूद कमीशन के लालच में वह बैकुंठपुर से बनारस तक टिकट पहुंचाकर उनके कथित अवैध कारोबार में सहयोग करता रहा।

आरपीएफ के मुताबिक पूछताछ के दौरान रवि शंकर पटेल को उसके कृत्य से अवगत कराया गया, जिसके बाद उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके बयान एवं पूछताछ के आधार पर उसे अपराध क्रमांक 787/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 143 रेल अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर मामले में संबद्ध किया गया है।

आरपीएफ द्वारा मामले में टिकटों के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट