सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,16 अगस्त। सूरजपुर पुलिस ने करीब ढाई लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि केतका की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में गांजा लेकर बिक्री के लिए सपकरा की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम पोड़ी में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार अतिउल्ला खान सूरजपुर को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।