सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,16 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग में लंबे समय से रिक्त पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) के 50 पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी प्रदान की है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हुआ है।
पर्यवेक्षकों की भूमिका आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन, पोषण अभियानों की निगरानी और विभागीय योजनाओं के मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण होती है। लंबे समय से पद रिक्त होने के कारण मैदानी स्तर पर कार्य का दबाव बना हुआ था। अब 50 नए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों को गति मिलने के साथ ही योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन व्यवस्था अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
इस स्वीकृति पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और दूरदर्शी नेतृत्व में विभाग को यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षकों की कमी के कारण जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग में आ रही चुनौतियां अब दूर होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। नई नियुक्तियों से विभाग की कार्यक्षमता में सुधार होगा और आंगनबाड़ी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
वित्त विभाग से मिली सहमति
महिला एवं बाल विकास संचालनालय द्वारा पर्यवेक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए शासन से अनुमति मांगी गई थी। विभागीय मंत्री के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई गई। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को वित्त विभाग ने 50 पर्यवेक्षकों की भर्ती के लिए विधिवत सहमति प्रदान की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भी आवश्यक आदेश जारी किए जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।
इस निर्णय से जहां विभागीय योजनाओं के संचालन और निगरानी को मजबूती मिलेगी, वहीं प्रदेश की योग्य युवतियों और महिलाओं के लिए शासकीय सेवा में आने का अवसर भी उपलब्ध होगा।