सूरजपुर
कोल इंडिया चेयरमैन के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 12 अगस्त। कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के 12वें वेतन समझौते (जेबीसीसीआई-12) की वार्ता समिति के गठन में हो रही देरी के विरोध में बुधवार को संयुक्त ट्रेड यूनियनों एटक, एचएमएस, सीटू और इंटक के संयुक्त मोर्चा ने एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान श्रमिक नेताओं ने केंद्र सरकार और कोल इंडिया प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल वार्ता समिति गठित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते (एनसीडब्ल्यूए-11) की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो चुकी है और 1 जुलाई 2026 से 12वें वेतन समझौते की अवधि शुरू हो गई है, लेकिन अब तक जेबीसीसीआई-12 की वार्ता समिति का गठन नहीं किया गया है। इससे देशभर में कोल इंडिया से जुड़े करीब 2.25 लाख कर्मचारियों में असंतोष और निराशा बढ़ रही है।
संयुक्त मोर्चा की प्रमुख मांगों में जेबीसीसीआई-12 का तत्काल गठन तथा एनसीडब्ल्यूए-11 में तय किए गए शेष मुद्दों का शीघ्र क्रियान्वयन शामिल है। सभा को एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग, एचएमएस के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामाशीष पाल, सीटू के क्षेत्रीय सचिव सुरेश पटेल एवं इंटक के क्षेत्रीय सचिव अजीत यादव ने संबोधित किया।
इस अवसर पर हीरा लाल, सजल मित्रा, आर.के. द्विवेदी, कामदेव सिंह, जया कुमारी, अरविंद सिंह, अप्पा राव एवं शिवाकांत मिश्रा सहित अन्य श्रमिक नेता मौजूद रहे। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कोयला कर्मचारी आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के बाद संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन के नाम एस.के.पी. शिंदे (एसओ, एचआर) एवं सुरक्षा प्रभारी रात्रे के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वार्ता समिति के गठन में हो रही देरी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र नागपुरे ने किया।