सूरजपुर
विवेचक को एसपी ने नगद पुरस्कार से किया पुरस्कृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 12 अगस्त। सत्र न्यायालय सूरजपुर ने पिता की हत्या के मामले में दोषसिद्ध आरोपी बेटे को आजीवन कारावास और 5 हजार के अर्थदंड की सजा सुनाई है। प्रकरण में उत्कृष्ट विवेचना एवं पुख्ता साक्ष्य संकलन के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने विवेचक एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2024 की रात ग्राम रैसरी निवासी खेमसाय घर नहीं आया था। अगले दिन 15 नवंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा। उस दौरान घर में मौजूद सुशीला पैकरा के साथ गाली-गलौज करते हुए उसने खाना खाने की थाली को लात मार दी और बर्तन पटक दिए। इसके बाद उसने बेटे भुवन पैकरा को बुलाने के लिए कहा।
सुशीला घर के बाहर नीम के पेड़ के पास चली गई। इसी दौरान खेमसाय भी वहां पहुंच गया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। सुशीला वहां से घर की ओर चली गई। इसी बीच करीब दोपहर 2 बजे आरोपी भुवन पैंकरा मौके पर पहुंचा। उसने अपने पिता खेमसाय से विवाद करते हुए कहा कि तुम हमेशा लड़ाई-झगड़ा करते रहते हो और टांगा से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से खेमसाय मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद प्रार्थी मनराखन पैकरा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम किया गया। जांच के बाद चौकी चेन्द्रा, थाना झिलमिली में अपराध क्रमांक 129/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की विवेचना तत्कालीन चौकी प्रभारी चेन्द्रा एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर 2024 को आरोपी भुवन पैंकरा को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त टांगा जब्त करने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आरोप पत्र माननीय सत्र न्यायालय सूरजपुर के समक्ष प्रस्तुत किया।
मामले में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक राजू दास ने प्रभावी पैरवी की। प्रकरण की सुनवाई सत्र न्यायाधीश श्री थॉमस एक्का के न्यायालय में हुई। न्यायालय ने उपलब्ध परिस्थितियों एवं साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद 11 अगस्त 2026 को आरोपी भुवन पैंकरा पिता खेमसाय पैंकरा (19 वर्ष) ग्राम रैसरी, चौकी चेन्द्रा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दोषसिद्ध पाया।
न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास एवं 5,000 के अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने प्रकरण में विवेचक द्वारा की गई उत्कृष्ट विवेचना, त्वरित कार्रवाई तथा पुख्ता साक्ष्य संकलन की सराहना करते हुए एसआई लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। एसपी ने कहा कि प्रभावी विवेचना और वैज्ञानिक एवं ठोस साक्ष्य के आधार पर न्यायालय से दोषसिद्धि सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।