सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 8 अगस्त। एसईसीएल के एकता स्टेडियम विश्रामपुर में आयोजित स्कूली अंडर-18 बच्चों के न्यू टैलेंट प्रोत्साहन कप फुटबॉल टूर्नामेंट के सातवें दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में कार्मेल कान्वेंट हिंदी मीडियम विश्रामपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयनगर की टीम आमने-सामने हुई। जयनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्मेल कान्वेंट को 2-0 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र जैन रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में व्यवसायी एवं वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी धनबीर खेड़ा तथा गौ सेवा आयोग के जिला अध्यक्ष विजय शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
टूर्नामेंट के आयोजक एवं जैन स्पोर्ट्स के संचालक राजेश जैन पूरे समय खिलाडिय़ों, आयोजन समिति और दर्शकों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
आयोजन के दौरान बेहतर खेल के साथ दर्शकों के उत्साह को भी विशेष महत्व दिया गया। इस दौरान बेस्ट दर्शक का चयन कर उन्हें टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में आज का दूसरा मुकाबला भटगांव और कंदरई की टीमों के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।