सूरजपुर
ग्रामीणों की मदद से सिपाही ने दबोचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 अगस्त। डॉयल 112 में तैनात आरक्षक की सतर्कता, सूझबूझ और तत्परता से रामानुजनगर थाना क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहे दो संदिग्धों को समय रहते पकड़ लिया गया। आरक्षक ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों आरोपियों को मौके पर ही रोक लिया, जिसके बाद पुलिस टीम ने पहुंचकर उनके कब्जे से धारदार चाकू और पिस्टल जैसा दिखने वाला हथियार बरामद किया। आरक्षक के इस कर्तव्यनिष्ठ और सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार 6 अगस्त की शाम थाना रामानुजनगर पुलिस को डॉयल 112 में तैनात आरक्षक प्रदीप सोनवानी ने सूचना दी कि ग्राम मंहगई हरिजनपारा में एक बलेनो कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1126 में सवार चालक और उसका साथी हथियार लेकर घूम रहे हैं। दोनों के पास पिस्टल और चाकू होने की जानकारी मिलने पर आरक्षक ने ग्रामीणों की मदद से संदिग्धों को मौके पर ही रोककर पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार कैफ अंसारी पिता सहाबुद्दीन अंसारी, उम्र 24 वर्ष तथा विकास रवि पिता स्व. रामकुमार रवि, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी नावापारा खुर्द को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक धारदार चाकू और एक पिस्टलनुमा हथियार बरामद हुआ।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार, धारदार चाकू और पिस्टलनुमा हथियार को जब्त कर लिया। मामले में थाना रामानुजनगर में अपराध क्रमांक 237/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सजगता की एसपी ने की सराहना
आरक्षक प्रदीप सोनवानी की सजगता और त्वरित सूचना के कारण पुलिस को समय रहते कार्रवाई करने में सफलता मिली। हथियारों के साथ घूम रहे संदिग्धों को ग्रामीणों के सहयोग से पकडऩे में आरक्षक की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरक्षक की कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।