सूरजपुर

बिश्रामपुर स्टेशन पर निजामुद्दीन एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, रेल संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
08-Aug-2026 8:45 PM
बिश्रामपुर स्टेशन पर निजामुद्दीन एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, रेल संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 8 अगस्त। बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन क्रमांक 22407/22408 अंबिकापुर-निजामुद्दीन,निजामुद्दीन अंबिकापुर एक्सप्रेस का नियमित वाणिज्यिक ठहराव दिए जाने की मांग को लेकर शनिवार को रेल संघर्ष समिति बिश्रामपुर के बैनर तले क्षेत्रवासियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद समिति की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के नाम स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई।

प्रदर्शन में अशोक गुप्ता,केंद्रीय महामंत्री सुजीत सिंह,दलजीत सिंह,लखन कुर्रे बख्शीस मान,प्रदीप गर्ग, दीप्ति स्वाई,अशोक जिंदल,रामरतन गोयल,वीरेश सिंह पूर्णिमा डे,राकेश प्रजापति,दीपक साहू ,पार्षद प्रमिला साहू,सुशील जैन,यूपी केसरी केवी सिंह,शैलेश चौबे,डीपी शर्मा,प्रेम धा भाई,पार्षद मंजू गोयल, प्रमिला साहू,अंजली राजवाड़े सहित दो से ढाई सौ लोग इस दौरान उपस्थित रहे।

रेल संघर्ष समिति के अनुसार आंदोलन में क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, व्यापारी संघ, विद्यार्थी, महिलाएं, कर्मचारी सहित विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल हुए। समिति ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और गांधीवादी तरीके से किया गया तथा इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि सरगुजा अंचल और बिश्रामपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनहित से जुड़ी मांग को सामने रखना है।

ज्ञापन में बताया गया कि बिश्रामपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, कोयला उद्योग से जुड़े हजारों श्रमिक, व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज और आम नागरिक नियमित रूप से रेल सेवाओं का उपयोग करते हैं।

दिल्ली एवं उत्तर भारत की यात्रा के लिए अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी ट्रेन है। वर्तमान में बिश्रामपुर स्टेशन में इस ट्रेन का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय, असुविधा और आर्थिक भार उठाना पड़ता है।

समिति ने यह भी कहा कि सरगुजा आदिवासी बहुल क्षेत्र है और बिश्रामपुर स्टेशन के आसपास दर्जनों गांव स्थित हैं। इन गांवों में रहने वाली बड़ी संख्या में गरीब एवं ग्रामीण जनता लंबी दूरी की यात्रा के लिए रेल पर निर्भर है।सभा को भाजपा नेता अजय गोयल,नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, सीए मयंक गोयल, अविनाश सहवाल,पंकज गर्ग, धनवीर सिंह खेड़ा,गगनदीप सिंह बग्गा,राजेश जैन सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया और अपनी बातों को रखा

समिति की प्रमुख मांगें

ज्ञापन में रेल प्रशासन से मांग की गई है कि ट्रेन क्रमांक 22407/22408 अंबिकापुर-निजामुद्दीन एवं निजामुद्दीन अंबिकापुर एक्सप्रेस का बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित वाणिज्यिक ठहराव तत्काल स्वीकृत किया जाए। इस संबंध में आवश्यक औपचारिक कार्रवाई शीघ्र पूरी कर आदेश जारी किया जाए।

निर्णय होने तक रेल संघर्ष समिति को इस मांग पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

समिति ने विश्वास जताया कि रेल प्रशासन क्षेत्र की लाखों जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से लंबित इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। वहीं, समिति ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में मांग पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो रेल संघर्ष समिति एवं क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट