सूरजपुर
सूरजपुर, 7 अगस्त। सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र में पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी के साथ घर चलने से इनकार करने पर धारदार ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी भांजी आहता पिछले एक महीने से अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ उसके घर रह रही थी। गुरुवार सुबह उसका पति नकुल सिंह वहां पहुंचा और पत्नी को अपने साथ चलने के लिए कहा। पत्नी के मना करने पर वह गुस्से में आ गया और जान से मारने की धमकी देते हुए ब्लेड से उसकी गर्दन पर वार कर गला काट दिया।
गंभीर रूप से घायल महिला को पहले ओडग़ी अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया। मामले में चौकी कुदरगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त किया और दबिश देकर आरोपी नकुल सिंह आयाम कर्री पटेलपारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।