सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 अगस्त। जमीन विवाद को लेकर प्राणघातक हमला करने के मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जूर निवासी हसीना बीबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे जमीन विवाद के चलते अयुब अंसारी, उसके परिजन और भतीजा असलम अंसारी डंडा-लाठी लेकर खेत पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे हसीना बीबी के पति मोहम्मद यासीन पर आरोपियों ने डंडों से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। घायल मोहम्मद यासीन को जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया।
प्रकरण में चौकी बसदेई में अपराध के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम सरमा में दबिश देकर आरोपी असलम अंसारी निवासी जूर मियांपारा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि घटना के बाद वह अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में छिपकर रह रहा था। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।