सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर,4 अगस्त। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला सूरजपुर के तत्वावधान में कृष्णापुर एवं गंगोटी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में इको क्लब की प्रभारी निशा मेहता, शोभा सोनी एवं संध्या पांडे ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख तथा प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी सगीरा बेगम के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने महापुरुषों के चित्र एवं प्रतिमाओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फैंसी ड्रेस प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य गुप्ता सहित शिक्षकों ने अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को बिना पुस्तकों के विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनिल गोयल ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की सीख दी।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश प्रभारी ईश्वर प्रसाद अग्रवाल, अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री महेश अग्रवाल एवं संभाग प्रभारी अरविंद सिंघानिया के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सलाहकार लालचंद्र अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री राजेश महलवाला, हरिदास अग्रवाल, पवन मित्तल, सुरेश अग्रवाल, अजय सिंह सहित वरिष्ठ नागरिक संघ सूरजपुर के पदाधिकारी एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।