सूरजपुर

58 ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान शुरू
01-Aug-2026 9:33 PM
58 ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 अगस्त। सूरजपुर जिले में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीरेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा पंचायत विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक कर रही है।

 अभियान के प्रथम चरण में जिले की 58 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है, जहां स्वच्छता दीदियां एवं पंचायत सचिव घर-घर पहुंचकर चार रंग के डस्टबिन के उपयोग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दे रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर से कचरे का चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक संग्रहण सुनिश्चित करना है, ताकि कचरे का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन किया जा सके।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुसार नीले डस्टबिन में सूखा कचरा जैसे कागज, प्लास्टिक, कपड़ा, कांच एवं धातु, हरे डस्टबिन में गीला कचरा जैसे सब्जी एवं फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन, चाय पत्ती तथा फूल-पत्तियां, लाल डस्टबिन में सेनेटरी अपशिष्ट जैसे सेनेटरी पैड, डायपर, मास्क, बैंडेज एवं सुई, तथा काले डस्टबिन में विशेष कचरा जैसे बैटरी, बल्ब, पेंट, कीटनाशक एवं एक्सपायरी दवाइयां अलग-अलग एकत्र की जाएंगी।

सीईओ पाटले ने बताया कि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है। प्रत्येक परिवार एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान के लिए चार रंग के डस्टबिन की व्यवस्था आवश्यक होगी। ग्राम पंचायतों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

 तथा स्कूलों में गठित क्लबों द्वारा भी स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि मिश्रित कचरा देने वाले परिवारों के विरुद्ध ग्राम पंचायत द्वारा नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।

यह अभियान केवल कचरा संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में व्यवहार परिवर्तन लाकर स्वच्छता को जन-जन की आदत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल सूरजपुर के निर्माण को गति मिलेगी।


अन्य पोस्ट