सूरजपुर

प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे कोयला- बॉक्साइट लदे भारी वाहन
31-Jul-2026 8:59 PM
प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे कोयला- बॉक्साइट लदे भारी वाहन

एसडीओपी बोले- होगी सख्त कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 31 जुलाई। नगर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कोयला एवं बॉक्साइट से लदे ट्रक बेखौफ होकर प्रतिबंधित मार्ग से गुजर रहे हैं। स्थिति यह है कि कई भारी वाहन प्रतापपुर थाना के सामने से ही दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि प्रतिबंधित मार्ग पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सडक़ें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और स्कूली बच्चों, राहगीरों तथा व्यापारियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। उनका आरोप है कि कुछ ट्रक चालक दूरी कम करने के लिए निर्धारित मार्ग छोडक़र प्रतिबंधित सडक़ का उपयोग कर रहे हैं।

इस बीच कुछ नागरिकों ने आरोप लगाया है कि जांच के दौरान कुछ ट्रकों से 500 रुपए से 1000 रुपए लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है तथा कुछ वाहनों से कथित रूप से मासिक भुगतान लेकर आवाजाही की अनुमति दी जाती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले की शिकायत जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भी की गई है। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह ने प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की बात कही है।

एसडीओपी अनूप एक्का ने कहा कि प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कराने तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


अन्य पोस्ट