सूरजपुर
सूरजपुर, 31 जुलाई। जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कैलाशपुर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार और कमरों के ताले तोड़ दिए। चोर स्कूल में रखी करीब 56 हजार रुपये की नकदी तथा कंप्यूटर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, बैटरी और अन्य सामान सहित लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए।
विद्यालय की प्राचार्य अमृता सिंह ने जयनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को प्रतिदिन की तरह विद्यालय बंद कर सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब चपरासी स्कूल खोलने पहुंचा तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। सूचना मिलने पर प्राचार्य और अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि कार्यालय में रखी विद्यार्थियों की फीस की करीब 56 हजार रुपये की राशि के अलावा एक कंप्यूटर सेट, डेस्कटॉप, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, बैटरी, रजिस्टर एवं अन्य सामग्री गायब थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराई गई।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।गौरतलब है कि लगभग दस दिन पहले अजबनगर हाई स्कूल में भी इसी तरह ताला तोडक़र चोरी की घटना हुई थी। लगातार दूसरी शैक्षणिक संस्था को निशाना बनाए जाने से स्कूलों की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं और नशाखोरी के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। लोगों ने स्कूलों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।