सूरजपुर

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, किया निरीक्षण
30-Jul-2026 9:06 PM
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 30 जुलाई। कलेक्टर रेना जमील ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बसदेई स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक छात्रा से अंग्रेजी की पुस्तक का पाठ करने और उसका हिंदी में अनुवाद बताने को कहा। छात्रा ने आत्मविश्वास के साथ पाठ एवं अनुवाद प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने उसकी सराहना करते हुए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य से शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की प्रगति और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विभिन्न राज्यों से अध्ययन करने आए विद्यार्थियों से भी आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन के अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पडऩे पर विद्यार्थी सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकें।

निरीक्षण के दौरान असम की एक छात्रा ने अपनी मातृभाषा में मधुर गीत प्रस्तुत किया। छात्रा की प्रस्तुति से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उसकी प्रतिभा की सराहना की और अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी सांस्कृतिक पहचान एवं प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य जांच कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, निर्माणाधीन भवन, बालक एवं बालिका छात्रावास तथा मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट