सूरजपुर

थाड़पाथर में महतारी सदन का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया लोकार्पण
29-Jul-2026 10:20 PM
थाड़पाथर में महतारी सदन का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया लोकार्पण

सूरजपुर, 29 जुलाई। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंगलवार को सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत थाड़पाथर में 24.70 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनेगा तथा ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और कौशल विकास का प्रमुख केंद्र साबित होगा।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि महतारी सदन योजना छत्तीसगढ़ को महिला केंद्रित विकास का मॉडल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि माताओं और बहनों के सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महतारी सदन में विशाल हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय कक्ष, दुकान संचालन के लिए अलग स्थान तथा सामुदायिक शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के साथ सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल साक्षरता जैसे कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जुडऩे का अवसर मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महतारी सदन ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, उत्पादन, विपणन और सामुदायिक नेतृत्व के लिए स्थायी मंच उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने महतारी सदन के निर्माण पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें समूह बैठकों, प्रशिक्षण और आयवर्धन गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान मिलेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन तथा संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट