सूरजपुर

मदननगर माइंस परियोजना पर कांग्रेस की 8 सदस्यीय जांच समिति पहुंची, ग्रामीणों से की चर्चा
28-Jul-2026 8:16 PM
मदननगर माइंस परियोजना पर कांग्रेस की 8 सदस्यीय जांच समिति पहुंची, ग्रामीणों से की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 28 जुलाई। मदननगर माइंस (कोल) परियोजना के सर्वे के विरोध में चल रहे ग्रामीणों के आंदोलन और 24 जुलाई को ग्रामीणों एवं पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित 8 सदस्यीय जांच समिति सोमवार को मदननगर पहुँची। समिति ने प्रभावित ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा कर घटना की जानकारी ली तथा मौके की स्थिति का अवलोकन किया। समिति अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को सौंपेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा गठित जांच समिति में संयोजक डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम (पूर्व कैबिनेट मंत्री) सहित जनक राम ध्रुव, भानु प्रताप सिंह, नवीन जायसवाल, शशि सिंह, भगवती राजवाड़े, जितेंद्र दुबे एवं जगत राम आयाम शामिल हैं।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मदननगर के ग्रामीण अपनी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन विष्णु देव साय सरकार ने उनकी आवाज सुनने के बजाय पुलिस बल का सहारा लिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की भावनाओं की अनदेखी कर जबरन खनन परियोजनाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

समिति ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार का दायित्व है, लेकिन वर्तमान सरकार संवाद स्थापित करने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है। कांग्रेस ने मांग की कि 24 जुलाई की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा ग्रामीणों की सहमति के बिना किसी भी प्रकार की खनन प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए।

इस अवसर पर पारसनाथ राजवाड़े, त्रिभुवन सिंह टेकाम, रामायण गुप्ता, प्रियंकल तिवारी, सुमन्त प्रजापति, रामकुमार बंछोर, नितिन तिर्की, विनय पावले, कृष्ण प्रताप चेरवा, गोल्डी अंसारी, प्रेमसागर तिग्गा, अमर बहादुर सिंह, मंजू मिंज, सविता आयाम, राजू सिंह, भोला यादव, मुकेश गर्ग, अर्बिना अंसारी, खुशी अंसारी, सुनील सारथी, संतोष पावले, राजकुमार सिंह, समीर सिंह, निम्लेश पावले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट