सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,28 जुलाई। खरीफ सीजन में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता और लाखों रुपये के उर्वरक घोटाले के मामले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जयनगर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रभारी उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं सूरजपुर ने समिति प्रबंधक जयनगर श्यामलाल प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं समिति के अध्यक्ष एवं प्राधिकृत अधिकारी देवधन राम बिझिया से भी बोर्ड की शक्तियां वापस ले ली गई हैं।
जानकारी के अनुसार किसानों को खाद नहीं मिलने और कालाबाजारी की लगातार शिकायतों के बाद कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर उप पंजीयक अनिल कुमार बनज ने समिति की औचक जांच कराई। जांच के दौरान समिति में उर्वरक स्टॉक के भौतिक सत्यापन में करीब 35 से 40 लाख मूल्य का खाद कम पाया गया। जांच के दौरान समिति प्रबंधक को द्वारा कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं देने पर उसे तत्काल निलंबित कर दिया गया।
उप पंजीयक ने सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 की धारा 49(8) के तहत जारी आदेश में देवधन राम बिझिया के स्थान पर जॉन केरकेट्टा, अंकेक्षण अधिकारी को समिति के बोर्ड की शक्तियों के प्रयोग के लिए अधिकृत किया है। यह आदेश 25 जुलाई से प्रभावी किया गया है। विस्तृत जांच में गड़बड़ी करने वालों की भूमिका के भी जांच के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार कलेक्टर ने मामले की विस्तृत जांच और एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसडीएम सूरजपुर को निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि गहन जांच में घोटाले की राशि और बढ़ सकती है।
उल्लेखनीय है कि समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति इससे पहले भी 85 लाख के धान खरीदी घोटाला मामले में निलंबित हो चुके हैं, हालांकि बाद में उनकी बहाली कर दी गई थी।
बताया जाता है कि गत रवि सीजन में भी बड़ी मात्रा में उर्वरक को बिना समिति पहुंचे कागजों में खपा दिया गया है।