सूरजपुर
सूरजपुर, 28 जुलाई। इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित लाइफ लाइन एक्सप्रेस (हॉस्पिटल ट्रेन) एक बार फिर बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। छह डिब्बों वाली यह अत्याधुनिक अस्पताल ट्रेन 14 अगस्त को बिश्रामपुर पहुंचेगी, जबकि 15 अगस्त से 14 सितंबर तक एक माह का विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
रेलवे मंडल कार्यालय (डीआरएम) की ओर से जारी पत्र के अनुसार लाइफ लाइन एक्सप्रेस को बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक माह तक ठहराने की अनुमति दी गई है। शिविर के सफल संचालन के लिए रेलवे प्रशासन ने बिजली, पानी, बैटरी चार्जिंग, रैक की सुरक्षा, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभिन्न अधिकारियों को सौंपी है। ये अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर शिविर के संचालन में सहयोग करेंगे।
शिविर के दौरान आंखों की सर्जरी, कान-नाक-गला (ईएनटी) से संबंधित ऑपरेशन, बच्चों की जन्मजात विकृतियों की सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, दंत चिकित्सा तथा स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच और जागरूकता जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि लाइफ लाइन एक्सप्रेस एक चलती-फिरती अत्याधुनिक अस्पताल ट्रेन है, जिसमें आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और आवश्यक चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध हैं। बिश्रामपुर में इससे पहले भी करीब आधा दर्जन बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका लाभ हजारों मरीजों ने उठाया है।
लाइफ लाइन एक्सप्रेस के पुन: आगमन से बिश्रामपुर सहित सूरजपुर और आसपास के जिलों के जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।