सूरजपुर

महिला कर्मचारियों का सम्मेलन, श्रम कानूनों और कार्यस्थल पर सुरक्षा अधिकारों की दी जानकारी
27-Jul-2026 11:00 PM
महिला कर्मचारियों का सम्मेलन, श्रम कानूनों और कार्यस्थल पर सुरक्षा अधिकारों की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 27 जुलाई। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के क्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को महिला कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को श्रम कानूनों, कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी अधिकारों तथा संगठन की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत व्ही.सी. जैन के स्वागत उद्बोधन से हुई। मुख्य अतिथि केंद्रीय उप महासचिव एवं कंपनी वेलफेयर बोर्ड सदस्य राजेश शर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती में महिला कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नए श्रम कानूनों (लेबर कोड), महिला कर्मचारियों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा मानकों तथा कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सम्मेलन की अध्यक्षता हीरालाल ने की, जबकि वरिष्ठ महिला पदाधिकारी भारती सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए पॉश अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, रात्रिकालीन ड्यूटी, परिवहन व्यवस्था तथा कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर प्रबंधन की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है।

सम्मेलन में जया कुमारी और रंजीत कौर ने भी महिलाओं से संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में हीरालाल ने कहा कि संगठन महिला कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन रूबी मिश्रा ने किया तथा अंत में सजल मित्रा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं महिला कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट