सूरजपुर

10 को कोल इंडिया के सभी महाप्रबंधक कार्यालयों का होगा घेराव
25-Jul-2026 8:28 PM
10 को कोल इंडिया के सभी महाप्रबंधक कार्यालयों का होगा घेराव

 केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने किया आंदोलन का ऐलान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 25 जुलाई। कोल इंडिया स्तर पर चारों केंद्रीय श्रमिक संगठनों की फेडरेशन ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। आईएमडब्ल्यूएफ के महासचिव रामेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त ऑनलाइन बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त को कोल इंडिया तथा उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालयों का संयुक्त घेराव कर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक में एटक, एचएमएस, इंटक और सीटू के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एटक की ओर से रामेन्द्र कुमार, अशोक यादव, लखनलाल महतो, अजय विश्वकर्मा और सी.जे. जोसेफ, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू एवं अशोक पांडेय, इंटक से कुमार जय मंगल सिंह एवं एस.क्यू. ज़ामा तथा सीटू से डी.डी. रामानंदन, वी.एम. मनोहर और के. श्रीवास्तव सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में श्रमिकों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा करते हुए आंदोलन की रणनीति तय की गई। संगठनों ने मांग की कि जेबीसीसीआई-12 का तत्काल गठन किया जाए तथा 11वें वेतन समझौते से जुड़े लंबित प्रावधानों को शीघ्र लागू किया जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 11 और 12 सितंबर 2026 को रांची में चारों कोल फेडरेशनों का संयुक्त कोल कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, सभी फेडरेशन संयुक्त रूप से कोल इंडिया के अध्यक्ष को पत्र भेजकर लंबित मांगों के जल्द निराकरण की मांग करेंगे।

चारों केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने एसईसीएल सहित कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों के कर्मचारियों से 10 अगस्त के प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करने तथा क्षेत्रीय स्तर पर संयुक्त बैठकें आयोजित कर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट