सूरजपुर

सरकारी सडक़ पर बने ट्रिपल स्टोरी भवन को हटाने का आदेश
23-Jul-2026 8:59 PM
सरकारी सडक़ पर बने ट्रिपल स्टोरी भवन को हटाने का आदेश

तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 23 जुलाई। सूरजपुर शहर में शासकीय सडक़ की भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में तहसीलदार न्यायालय ने बेदखली का आदेश जारी किया है। छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 248 के तहत पारित आदेश में शासकीय भूमि पर बने ट्रिपल स्टोरी भवन, कार्यालय, फैक्ट्री एवं बाउंड्रीवॉल को अतिक्रमण मानते हुए कब्जाधारी रितेश अग्रवाल को तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का पालन नहीं होने पर राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व अभिलेखों के अनुसार सूरजपुर स्थित खसरा क्रमांक 2630, रकबा 1.975 हेक्टेयर शासकीय सडक़ मद में दर्ज है। पटवारी हल्का क्रमांक-08 की रिपोर्ट में बताया गया कि लगभग 0.033 हेक्टेयर भूमि पर पक्का ट्रिपल स्टोरी भवन, कार्यालय, फैक्ट्री और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कर कब्जा किया गया है। इसी आधार पर राजस्व न्यायालय में प्रकरण दर्ज कर सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान आपत्तिकर्ता ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के रिट क्रमांक 866/2026 (डी. के. सोनी एवं अन्य बनाम शासन) में पारित आदेश की प्रति भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत की।

आपत्तिकर्ता कुंजबिहारी गुप्ता ने सरकारी भूमि पर फैक्ट्री संचालन का आरोप लगाते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं, रितेश अग्रवाल ने पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट को पक्षपातपूर्ण बताते हुए संयुक्त सीमांकन और दोनों पक्षों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण कराने की मांग की। उन्होंने शासकीय भूमि पर कब्जे के आरोपों से इनकार किया।

न्यायालय ने पटवारी की रिपोर्ट, राजस्व अभिलेखों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद माना कि संबंधित भूमि शासकीय सडक़ के रूप में दर्ज है और उस पर निर्माण कर कब्जा किया गया है। इसके आधार पर अतिक्रमण हटाने और कब्जाधारी को बेदखल करने का आदेश पारित किया गया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तीन दिन के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर राजस्व विभाग स्वयं कार्रवाई करेगा।


अन्य पोस्ट