सूरजपुर

सुरक्षा व नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यशाला, 200 सुपरवाइजर्स को नई श्रम संहिताओं का दिया प्रशिक्षण
20-Jul-2026 9:21 PM
सुरक्षा व नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यशाला, 200 सुपरवाइजर्स को नई श्रम संहिताओं का दिया प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 20 जुलाई। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के तत्वावधान में क्षेत्रीय कार्यालय बिश्रामपुर में सोमवार को ‘सुरक्षा एवं नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यशाला’ का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम में विश्रामपुर क्षेत्र के लगभग 200 सुपरवाइजर्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के केंद्रीय महासचिव कॉमरेड अजय विश्वकर्मा, विश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह, एसईसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य कॉमरेड बी. धर्मा राव, भटगांव क्षेत्र के सचिव कॉमरेड मनोज पांडेय तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय अध्यक्ष कॉमरेड हीरा लाल के स्वागत के साथ हुआ।

कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि नई श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद कार्यस्थलों पर सुरक्षा, जवाबदेही और कार्य प्रणाली में व्यापक बदलाव आए हैं। ऐसे में सुपरवाइजर्स की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित उत्पादन और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सुपरवाइजर का नवीन कानूनी प्रावधानों से अवगत होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विश्रामपुर क्षेत्र करीब 10 वर्षों तक घाटे में रहने के बाद श्रमिकों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष लगभग 88 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित करने में सफल रहा है।

मुख्य अतिथि कॉमरेड अजय विश्वकर्मा ने कहा कि चारों नई श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद माइनिंग, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल सुपरवाइजर्स की कानूनी एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के कई प्रावधान उद्योगों और नियोजकों के पक्ष में हैं, जबकि श्रमिकों की सुरक्षा और अधिकारों के संदर्भ में कई बिंदु चिंता का विषय हैं। ऐसे में सुपरवाइजर्स को अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति पूरी तरह सजग रहना होगा।

एसईसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य कॉमरेड बी. धर्मा राव एवं भटगांव क्षेत्र के सचिव कॉमरेड मनोज पांडेय ने कहा कि खदानों में दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने में सुपरवाइजर्स की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता (ओएसएच कोड), जोखिम प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और कानूनी जानकारी भी समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन कॉमरेड व्ही.सी. जैन ने किया।

स्वागत भाषण कॉमरेड सजल मित्रा ने दिया, जबकि अंत में क्षेत्र सचिव कॉमरेड पंकज गर्ग ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सुरक्षा, नेतृत्व विकास, श्रम कानून और औद्योगिक संबंधों से जुड़े विषयों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला को सफल बनाने में कामदेव सिंह, राम इकबाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, मुरलीधर, सलमान खान, गोपाल शर्मा, हर्ष शर्मा, सविंदर पासवान, अखय साहू, विकास कुमार मिश्रा एवं विनोद सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट