सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,18 जुलाई। पुलिस मुख्यालय रायपुर में स्थानांतरण होने पर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर को शुक्रवार को विश्रामपुर स्थित ऑफिसर्स क्लब में आयोजित समारोह में पुलिस परिवार एवं जिला प्रशासन ने भावभीनी विदाई दी। वहीं जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल का आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल ने कहा कि प्रशांत कुमार ठाकुर ने अपने कार्यकाल में अनुशासित, संवेदनशील और जनसेवामुखी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता कायम किया।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के बेहतर समन्वय से जिले में कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास कार्यों को नई गति मिली। उन्होंने श्री ठाकुर के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि प्रशांत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में सूरजपुर पुलिस ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसेवा, अनुशासित कार्यप्रणाली और प्रभावी पुलिसिंग की परंपरा को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखा जाएगा।
विदाई संबोधन में प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि सूरजपुर में मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ किए गए कार्यों के कारण कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर अपराधों की रोकथाम और नशा मुक्ति जैसे जनहितकारी अभियानों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सका।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत विजेंद्र सिंह पाटले, डीएफओ डी.पी. साहू सहित कई अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक जावेद मियादाद ने किया।
समारोह में एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर की धर्मपत्नी एवं पुत्र के अलावा एसडीएम शिवानी जायसवाल, चांदनी कंवर, ललिता भगत, अजय कोसाम, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, विभिन्न एसडीओपी, सभी थाना-चौकी प्रभारी तथा जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।