सूरजपुर

झमाझम बारिश के बीच निकली रथयात्रा, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा बिश्रामपुर
16-Jul-2026 7:08 PM
झमाझम बारिश के बीच निकली रथयात्रा, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा बिश्रामपुर

सूरजपुर, 16 जुलाई। कोयलांचल बिश्रामपुर में भगवान जगन्नाथ, बलराम व बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा ने आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश दिया। मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष, शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और भजन कीर्तन के बीच महाप्रभु का विशाल रथ मंदिर प्रांगण से निकला और पूरे नगर का भ्रमण करते हुए आरटीआई कॉलोनी स्थित ज्ञानदायिनी मां सरस्वती मंदिर महाप्रभु के मौसी के घर पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह महाप्रभु जगन्नाथ का स्वागत किया।

 धार्मिक महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा के साथ हुई थी। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्र उत्सव, कड़ी-चावल भोग तथा भगवान के नवयौवन वेश के दर्शन कराए गए। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 16 जुलाई को आयोजित हुई भव्य श्री गुंडिचा रथयात्रा रही, जिसमें क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।  बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।

गुरुवार को रथयात्रा में राजा सेवादार के रूप में सरगुजा महाराज एवं प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, विंध्येश्वर शरण सिंह, श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व चेयरमैन शफी अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह, सुभाष गोयल, नपं बिश्रामपुर के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, शिवनंदनपुर नपं अध्यक्ष रितेश जायसवाल, बिश्रामपुर नपं उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, शिवनंदनपुर उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, रमेश दनोदिया, सूरजपुर नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, कृष्णा गोयल बल्लू, मो. इस्माइल, वेद प्रकाश मिश्र, पार्षद चंदन सिंह, हर्ष दनोदिया, अनुपम फिलिप, प्रेमजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव, सत्यम मिश्रा, दुर्गा गुप्ता, शनि मिश्रा, पवन अग्रवाल, गीतापुरी, रश्मि शर्मा, बीना शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में उत्कल समाज के अध्यक्ष सेनापति प्रधान, संजय पंडा, ऋनाथ देहुरी, सूरज कुमार सेठी, विद्याधर साहू, एसके स्वाई, फुल्ल नायक, अलंकार नायक, लक्ष्मी त्रिपाठी, संतोष सेठी, राजेंद्र प्रधान, अशोक स्वाई, गोविंद स्वाई, शितिकांत स्वाई, सुरेशन स्वाई, सुदर्शन सेठी, प्रभाकर स्वाई, विशाल स्वाई, प्रदीप त्रिपाठी, अखेय साहू, संतोष विश्वाल, निराकार नायक, पुरोहित सुशांत मिश्रा, सुभाष नायक, गीतांजलि स्वाई, ममता सेठी, दीप्ति स्वाई, सस्मिता साहू, अनुराधा प्रधान, अमूल्या नाहक, संगीता पांडा, छंदाश्री, मंजू स्वाई सहित अनेक स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाएं संभालीं।

आयोजकों ने बताया कि 19 जुलाई को वार्षिक उत्सव, 20 जुलाई को हेरा पंचमी एवं महालक्ष्मी यात्रा, 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा रथ वापसी, 25 जुलाई को भगवान का भव्य स्वर्ण वेश, 26 जुलाई को अधर पणा तथा 27 जुलाई को नीलाद्री प्रवेश के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

उल्लेखनीय है कि कोयलांचल बिश्रामपुर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन पिछले दस वर्षों से लगातार किया जा रहा है। हर वर्ष इसकी भव्यता और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। पूरे नगर में दिनभर भक्तिभाव का वातावरण बना रहा।


अन्य पोस्ट