सूरजपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 13 जुलाई। खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैयाथान विकासखंड के गंगोटी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन कर रहे चार हाईवा वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए बसदेई थाना में सुपुर्द कर दिया गया है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में खनिज अमला, राजस्व अमला एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी, ईंट एवं रेत सहित विभिन्न खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत 13 जुलाई को गंगोटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान चार हाईवा वाहनों में कुल 56 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन करते पाया गया। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना बसदेई के सुपुर्द कर दिया गया। संबंधित प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।