सूरजपुर

एसईसीएल कॉलोनियों में दूषित जल की हो रही आपूर्ति, शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
10-Jul-2026 11:12 PM
एसईसीएल कॉलोनियों में दूषित जल की हो रही आपूर्ति, शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,10 जुलाई। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र  की कॉलोनियों में पखवाड़े भर से बिना फिल्टर किए मटमैले एवं दूषित पानी की आपूर्ति होने से हजारों रहवासी गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। बरसात के मौसम में गंदे पानी की लगातार आपूर्ति से लोगों में जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में प्रबंधन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस संबंध में जब स्टॉफ ऑफिसर सिविल रॉबिंस खलखो से जानकारी लेने उनके मोबाइल में कॉल किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। फिल्टर के एक कर्मी ने बताया कि वर्तमान में टंकियों की सफाई का कार्य चल रहा है इसे पूर्व में ही हो जाना चाहिए था। इसके अतिरिक्त जलशोधन में उपयोग आने वाली सामग्री चूना का अभाव भी पेयजल व्यवस्था को लगातार प्रभावित कर रहा है।

रहवासियों के अनुसार नलों से आने वाला पानी पूरी तरह मटमैला है। पानी में गंदगी और मिट्टी के कण साफ दिखाई दे रहे हैं, जिसके कारण इसका उपयोग पीने के लिए तो दूर, नहाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी कठिन हो गया है। मजबूरी में कई परिवार बाहर से पानी खरीदने या अन्य स्रोतों से पानी की व्यवस्था करने को विवश हैं।

बरसात के मौसम में दूषित पानी की आपूर्ति ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। नागरिकों का कहना है कि इस पानी के उपयोग से डायरिया, उल्टी-दस्त, टाइफाइड, पीलिया, सर्दी-खांसी सहित अन्य जलजनित एवं मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्होंने फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों तथा संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। लगातार शिकायतों के बावजूद न तो जलशोधन की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया और न ही जलापूर्ति की गुणवत्ता में कोई सुधार हुआ। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल शोधन संयंत्र का नियमित संचालन किया जाता और जल टंकियों तथा पाइपलाइन की समय-समय पर सफाई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। रहवासियों का दावा है कि कॉलोनी की पानी की टंकियों की पिछले लगभग दो वर्षों से सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

रहवासियों ने  प्रबंधन से मांग की है कि पूरे जलापूर्ति तंत्र की तत्काल जांच कर जलशोधन व्यवस्था को सुचारु किया जाए, जल टंकियों एवं पाइपलाइन की विशेष सफाई कराई जाए तथा पानी की गुणवत्ता की नियमित लैब जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे जनस्वास्थ्य के हित में उच्च अधिकारियों, जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और इस तरह की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।


अन्य पोस्ट