सूरजपुर
जिला कांग्रेस की हुई विस्तारित बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक मंगलवार को सेवाकुंज, सूरजपुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के अनुभवों और शीर्ष नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने विस्तार से साझा किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस संगठन को जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया गया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई तथा बूथ स्तर तक सक्रिय संगठन खड़ा करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
उपाध्यक्ष एवं पार्षदों का सम्मान
बैठक के दौरान नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अंशुल गोयल एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों का जिला कांग्रेस परिवार की ओर से शाल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर विकास में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को मजबूत करने का आग्रह किया गया।
सम्मानित होने वालों में पार्षद चंदन सिंह, हर्ष दनौदिया, विमला सिंह, बिजेंद्र सिंह, संतोष जायसवाल, दीपमाला सोनी और अहमद वाहिद शामिल रहे।
बैठक में पूर्व विधायक पारस नाथ राजवाड़े, सुभाष गोयल, संजय डोसी, सुनील अग्रवाल, नरेंद्र जैन, अशोक जगते, विद्यासागर सिंह, अनिल गुप्ता, संजीव श्रीवास्तव, नवीन जायसवाल, अजित यादव, त्रिभुवन सिंह, संजय सोनी, जितेंद्र दुबे, लवकेश गुर्जर, प्रदीप राजवाड़े, महेंद्र साहू, वेद प्रकाश मिश्रा, हेमलता राजवाड़े, बबीता गुप्ता, जरीना सुल्ताना, प्रवेश गोयल, केबी सिंह सहित जिला, ब्लॉक, मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।