सूरजपुर

श्रद्धा महिला मंडल ने जरूरतमंद महिलाओं को बांटी साइकिलें व स्वरोजगार के संसाधन
06-Jul-2026 10:52 PM
श्रद्धा महिला मंडल ने जरूरतमंद महिलाओं को बांटी साइकिलें व स्वरोजगार के संसाधन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 जुलाई। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की अध्यक्षा शशि दुहन के  उपस्थिति में शिवानी महिला समिति, बिश्रामपुर क्षेत्र द्वारा 4 जुलाई को उन्नति क्लब, बिश्रामपुर में  सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न उपयोगी सामग्री एवं स्वरोजगार के संसाधनों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने आर्थिक रूप से कमजोर 10 जरूरतमंद महिलाओं को साइकिलें वितरित की  बताया गया कि इन साइकिलों के माध्यम से महिलाएं अपने कार्यस्थल, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र अथवा अन्य आवश्यक स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगी।

इस अवसर पर नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन, पिको-फॉल मशीन एवं इंटरलॉकिंग मशीन प्रदान की गई। इससे संबंधित महिला के लिए स्वरोजगार का मार्ग प्रशस्त हुआ।

महिलाओं के समूह आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साईं बचत सहायता समूह, बिश्रामपुर को आटा एवं मसाला पिसाई मशीन भी प्रदान की गई। इस मशीन से समूह की महिलाएं सत्तू, आटा और मसालों की पिसाई कर आजीविका के नए अवसर विकसित कर सकेंगी। इसके साथ ही समूह को 10 किलोग्राम गेहूं, 5 किलोग्राम चना तथा 2-2 किलोग्राम खड़ी हल्दी और मिर्च भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के दौरान सभी हितग्राहियों को अल्पाहार पैकेट भी वितरित किए गए। उक्त आयोजन शिवानी महिला समिति, बिश्रामपुर क्षेत्र की अध्यक्ष अल्पना सिंह एवं समिति की अन्य सदस्यगण उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट