सूरजपुर

शिवनंदनपुर उपाध्यक्ष चुनाव विवाद: पिता-पुत्र के निलंबन की चर्चा
06-Jul-2026 10:52 PM
शिवनंदनपुर उपाध्यक्ष चुनाव विवाद: पिता-पुत्र के निलंबन की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 जुलाई। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का मत निरस्त होने से जुड़े विवाद में वार्ड 15 के पार्षद प्रशांत अग्रवाल और उनके पिता अशोक अग्रवाल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबन की चर्चा है।

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश संगठन ने 3 जुलाई को ही निलंबन का आदेश जारी कर दिया था। हालांकि जिला भाजपा संगठन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जिलाध्यक्ष मुरली सोनी से संपर्क नहीं हो सका, जबकि जिला उपाध्यक्ष संत सिंह ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही।

चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक रजनीश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट प्रदेश संगठन को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई का निर्णय वहीं करेगा।

गौरतलब है कि 19 जून को हुए उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का मत निरस्त होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार विजयी हो गया था, जिसके बाद क्रॉस वोटिंग और अनुशासनहीनता को लेकर विवाद शुरू हुआ था।


अन्य पोस्ट