सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 5 जुलाई। कलेक्टर रेना जमील ने रविवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने केनापारा, पंडोपारा स्थित राष्ट्रपति भवन, पहाडग़ांव पर्यटन स्थल और सिलफिली के पिलखा क्षीर का दौरा कर अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केनापारा में कलेक्टर ने महिलाओं से बोटिंग और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की जानकारी ली तथा ओपन जिम, हट, शेड और दुकानों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। पंडोपारा के ऐतिहासिक राष्ट्रपति भवन में उन्होंने फोटो गैलरी विकसित करने, आगंतुक पंजी संधारित करने और जनजातीय इतिहास को बेहतर ढंग से प्रदर्शित करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बसंत पंडो से मुलाकात कर ऐतिहासिक जानकारियां भी लीं।
पहाडग़ांव पर्यटन स्थल में कलेक्टर ने स्वयं ट्रेकिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बोटिंग के दौरान सुरक्षा, सूचना पटल, प्रकाश व्यवस्था, पौधरोपण, सीढ़ी निर्माण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आसान, मध्यम और कठिन श्रेणी के ट्रैक विकसित करने तथा पर्यटकों के लिए आधुनिक शौचालय शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। मुस्कान महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित कैफे का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर ने सिलफिली स्थित पिलखा क्षीर का अवलोकन कर इसे पुन: शुरू करने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।