सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 जुलाई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिषद सूरजपुर के बाजारपारा स्थित चम्बोथी तालाब में शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर रेना जमील ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के साथ सामूहिक श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, पार्षद प्रमोद तायल सहित नगर पालिका एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कलेक्टर रेना जमील ने स्वयं ग्लव्स पहनकर झाड़ू लगाया और कचरा उठाया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यदि सभी लोग संकल्प के साथ आगे आएं तो सूरजपुर स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, देश में भी अपनी अलग पहचान बना सकता है।
अभियान के दौरान कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि तालाब सहित सभी सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों को पहले कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर संबंधित लोगों से जुर्माना वसूला जाए। आवश्यकता पडऩे पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने तालाब की नियमित सफाई, परिसर के सौंदर्यीकरण तथा चारों ओर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र स्वच्छ, हरित और आकर्षक बने। वहीं मटन मार्केट के दुकानदारों द्वारा अवशेष इधर-उधर फेंककर गंदगी फैलाने पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ को तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने और भविष्य में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।