सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 जुलाई। ग्राम पंचायत महेशपुर स्थित वन विकास निगम की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर वनभूमि पर निर्मित अवैध कच्चे मकानों, झाला झोपडिय़ों को ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
जानकारी के अनुसार, महेशपुर जंगल क्षेत्र में बाहरी लोगों द्वारा वन विकास निगम की भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान और अस्थायी निर्माण किए गए थे। समय के साथ यह अतिक्रमण बढ़ता गया और स्थायी बसाहट का रूप लेने लगा। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस मामले को कई बार प्रशासन के समक्ष उठाया था।
ग्रामीणों ने ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि लगातार बढ़ रहे कब्जों से वन क्षेत्र का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा था।
प्रशासन ने सीमांकन और चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुलडोजर की मदद से 23 अवैध कच्चे मकानों झालों सहित अन्य निर्माणों को हटा दिया है। कार्रवाई के दौरान राजस्व, वन विकास निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई शासकीय वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय, राजस्व और वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
ज्ञात हो कि महेशपुर जंगल में अतिक्रमण हटाने की यह पहली कार्रवाई नहीं है।
- इससे पहले भी प्रशासन दो बार अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला चुका है।