सूरजपुर
सूरजपुर, 1 जुलाई। सूरजपुर जिले की प्रतापपुर पुलिस ने कार चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई हुंडई आई 20 कार बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मानी निवासी समीउल्लाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात प्रतापपुर बाजार स्थित अपने गैराज के बाहर खड़ी हुंडई आई 20 कार (सीजी 09 जे-8413) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई थी। मामले में थाना प्रतापपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गोपालपुर (थाना राजपुर, जिला बलरामपुर) निवासी महताब अंसारी (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गई कार एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 1 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की आगे की विवेचना प्रतापपुर पुलिस कर रही है।