सूरजपुर

बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने पुलिस कार्यशाला
29-Jun-2026 8:50 PM
बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने पुलिस कार्यशाला

 जनता से बेहतर संवाद और महिला सुरक्षा पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 जून। जिले में बीट प्रणाली को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 27 जून को जिला पंचायत सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं बीट प्रभारियों ने भाग लिया।

जिले के 22 थाना-चौकी क्षेत्रों के 558 गांवों के लिए कुल 70 बीट निर्धारित की गई हैं। कार्यशाला में एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस रेगुलेशन के प्रावधानों के अनुसार बीट प्रणाली के प्रभावी संचालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बीट प्रणाली पुलिस व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण जमीनी आधार है। बीट प्रभारी नियमित रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने महिला सुरक्षा, बुजुर्गों की सहायता और युवाओं को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। इस दौरान एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव और वार्ड में बीट प्रभारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर के पोस्टर लगाए जाएं, ताकि आम नागरिक किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचा सकें।

 उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतें धैर्यपूर्वक सुनने तथा उनके साथ पेशेवर और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी राजेश जोशी, अभिषेक पैंकरा, डीएसपी रीना नीलम कुजूर, अनूप एक्का सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं बीट प्रभारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्र की प्रत्ेक गतिविधि, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और जनजागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई।

 हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों की अद्यतन सूची रखने तथा उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक भ्रमण का विवरण बीट बुक में दर्ज कर प्रतिदिन थाना प्रभारी को रिपोर्ट देने तथा प्रत्येक माह संबंधित एसडीओपी द्वारा बीट बुक की समीक्षा किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यशाला में महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, हाट-बाजारों तथा महिला समूहों के कार्यक्रमों में महिलाओं को सुरक्षा संबंधी उपायों एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट