सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 जून। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (छत्तीसगढ़) की प्रांतीय कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष किशन अग्रवाल ने की। समारोह में महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबरेवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश गर्ग (सूरजपुर) को संगठन में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मुकेश गर्ग ने मुख्य अतिथि, प्रांतीय अध्यक्ष, वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की सेवा भावना, समर्पण और परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि सफल कार्यकाल के बाद पदाधिकारियों का सम्मान करना एक प्रेरणादायी पहल है, जिससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और उत्साह मिलेगा।
उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष रामवतार अग्रवाल के नेतृत्व में एकजुट होकर समाज सेवा, राष्ट्रहित एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह का समापन संगठनात्मक एकता, आपसी सौहार्द और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर समाज, राष्ट्र और संगठन हित में निरंतर कार्य करने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।