सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 जून। सूरजपुर जिला के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 19 जून को हुए उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की अप्रत्याशित हार के बाद पार्टी संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने कथित क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष ने दो दिन पहले शिवनंदनपुर के गुरुद्वारा गली निवासी भाजपा नेता चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल को उनके निवास पर नोटिस तामील कराया। नोटिस में उनसे तथा उनके पार्षद पुत्र प्रशांत अग्रवाल से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
इसी क्रम में जिला संगठन ने सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पार्टी कार्यकर्ता लक्ष्मण कसेरा को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी शशिकांत गर्ग ने सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एक वोट से हार गई थी भाजपा
19 जून को हुए शिवनंदनपुर नगर पंचायत में उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मतों की संख्या बराबरी की स्थिति में थी। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल का स्वयं का मत निरस्त हो गया, जिसके चलते कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल गोयल एक मत से उपाध्यक्ष निर्वाचित हो गए। इस परिणाम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को निराश किया और संगठन के भीतर आत्ममंथन की स्थिति बन गई।
गौरतलब है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत में 15 पार्षद हैं, जिनमें कांग्रेस के 8 और भाजपा के 7 पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बाद उपाध्यक्ष पद भी जीतने की उम्मीद थी, लेकिन मतदान के दौरान हुए घटनाक्रम ने पूरा समीकरण बदल दिया।