सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 जून। पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रविवार को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में पल्स पोलियो अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर रेना जमील ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित बच्चों के साथ अपनी बेटी को भी पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की और जिलेवासियों से प्रत्येक बच्चे तक दो बूंद जिंदगी की पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं अपंगता पैदा करने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी अभिभावक अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें।
सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 1,04,627 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 28 जून को सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में पोलियो बूथ, मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है। आवश्यक वैक्सीन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया गया है। अभियान के दौरान जिला एवं विकासखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार, ईंट-भ_ों, निर्माण स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।