सूरजपुर

ग्राम सभा की बैठक में सडक़ प्रस्ताव पर विवाद, गाली-गलौज व मारपीट
27-Jun-2026 9:56 PM
ग्राम सभा की बैठक में सडक़ प्रस्ताव पर विवाद, गाली-गलौज व मारपीट

सूरजपुर, 27 जून। ग्राम पंचायत सतपता के पंचायत भवन में 26 जून को आयोजित ग्राम सभा की बैठक के दौरान सडक़ निर्माण के प्रस्ताव पर विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना को लेकर ग्रामवासियों में नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देशानुसार ग्राम सभा में 19 बिंदुओं पर चर्चा की जानी थी। बैठक के दौरान ग्राम सचिव ने वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 के निवासियों की प्रमुख समस्या सडक़ निर्माण का मुद्दा रखा। बताया गया कि मंत्री की अनुशंसा पर सडक़ निर्माण के लिए 5 लाख रुपये का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसे ग्राम सभा से अनुमोदित कराया जाना था।

इसी दौरान ग्रामीण दुर्गा यादव, उनके पुत्र तथा अन्य लोगों ने सडक़ निर्माण का विरोध किया। आरोप है कि ग्राम के विकास के हित में सडक़ निर्माण का समर्थन कर रहे ग्रामीण विजय कुर्रे से उक्त पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यदि सडक़ निर्माण का विरोध है तो उसके कानूनी कारण ग्राम सभा के समक्ष रखे जाने चाहिए, लेकिन आरोप है कि इसके बाद उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।

विजय शर्मा का आरोप है कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। उनका कहना है कि वर्ष 2018 में उन्होंने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम सतपता की शासकीय भूमि (खसरा नंबर 37) से अतिक्रमण हटाने के लिए नायब तहसीलदार विश्रामपुर के समक्ष आवेदन दिया था। इस मामले में नायब तहसीलदार, कलेक्टर, कमिश्नर तथा उच्च न्यायालय के आदेश होने के बावजूद आज पर्यंत अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।

उनका आरोप है कि इसी मामले की रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की गई।

घटना के समय ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, नोडल अधिकारी एवं ग्राम सचिव मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के दौरान इस तरह का विवाद और अमर्यादित व्यवहार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत है।मामले में विजय शर्मा की रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपित दुर्गा यादव एवं उसके पुत्र व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296,115(2),351(3),3(5) के तहत केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।


अन्य पोस्ट