सूरजपुर

राष्ट्रीय बेसबॉल में चंचल ने सिल्वर मेडल जीत बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मानङ्क
26-Jun-2026 9:35 PM
राष्ट्रीय बेसबॉल में चंचल ने सिल्वर मेडल जीत बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मानङ्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 26 जून। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिश्रामपुर की छात्रा चंचल सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सूरजपुर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। कक्षा 10वीं की छात्रा चंचल ने राजधानी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-17 बालिका बेसबॉल प्रतियोगिता (सत्र 2024-25) में छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।

चंचल के दमदार प्रदर्शन की बदौलत छत्तीसगढ़ की टीम फाइनल तक पहुंची और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर ने उन्हें 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने चंचल सिंह को प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि चंचल की सफलता जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। चंचल ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी देशभर में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि यह सम्मान केवल चंचल की प्रतिभा का नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों को खेलों में आगे बढऩे की प्रेरणा भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि चंचल भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का नाम रोशन करेंगी।

सम्मान समारोह में क्रीड़ा अधिकारी एस.के. शुक्ला, व्यायाम शिक्षिका शोभना रंजीत, आर.एन. पटेल सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट