सूरजपुर

बिना सफाई किए पानी टंकियों पर लिख दी गई डेट ऑफ क्लीनिंग, रेल कर्मियों ने जताई नाराजगी
25-Jun-2026 9:38 PM
बिना सफाई किए पानी टंकियों पर लिख दी गई डेट ऑफ क्लीनिंग, रेल कर्मियों ने जताई नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 जून। रेलवे कॉलोनी बिश्रामपुर में पेयजल व्यवस्था को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेल प्रबंधन के संबंधित विभाग ने कॉलोनी में स्थापित पानी की टंकियों की वास्तविक सफाई कराए बिना ही उन पर ‘डेट ऑफ क्लीनिंग 23 जून 2026’ अंकित करा दिया, जिससे रेल कर्मियों में नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कॉलोनी के बीचोंबीच एक बड़ी लोहे की जलमीनार स्थापित है। इसके अलावा कर्मचारियों के आवासों की छतों पर भी पानी की टंकियां लगी हुई हैं, जिनमें पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है।

रेल कर्मियों का आरोप है कि इन टंकियों की सफाई किए बिना ही उन पर क्लीनिंग की तिथि लिखवा दी गई। कुछ कर्मचारियों ने जब टंकियों पर तिथि अंकित कर रहे पेंटर से इसकी जानकारी ली, तो उसने बताया कि वह यह कार्य आईओडब्ल्यू (इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स) के निर्देश पर कर रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी में लगभग 28 से 30 आवास हैं और यहां पेयजल आपूर्ति पूरी तरह टंकियों के माध्यम से होती है। ऐसे में टंकियों की नियमित सफाई आवश्यक है ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिल सके।

रेल कर्मियों ने बताया कि नियमों के अनुसार समय-समय पर पानी की टंकियों की सफाई कराई जानी चाहिए, लेकिन इस मामले में केवल औपचारिकता पूरी करते हुए सफाई की तिथि दर्ज कर दी गई है। कर्मचारियों ने संबंधित विभाग से इसकी शिकायत करते हुए व्यवस्था में सुधार और टंकियों की वास्तविक सफाई कराने की मांग की है।

मामले को लेकर कर्मचारियों ने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट