सूरजपुर

जेबीसीसीआई-12 के गठन में देरी पर कोयला मजदूरों में नाराजगी
25-Jun-2026 3:44 PM
जेबीसीसीआई-12 के गठन में देरी पर कोयला मजदूरों में नाराजगी

1 जुलाई को होगा मांग दिवस आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर, 25 जून। कोयला उद्योग में वेतन समझौते के लिए गठित होने वाली जॉइंट बाइपार्टाइट कमेटी फॉर कोल इंडस्ट्री (जेबीसीसीआई)-12 के गठन में हो रही देरी को लेकर कोयला मजदूरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के महासचिव अजय विश्वकर्मा ने कोल इंडिया प्रबंधन और संबंधित मंत्रालय से तत्काल जेबीसीसीआई-12 का गठन करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि जेबीसीसीआई-11 की अवधि समाप्त हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नई वेतन वार्ता समिति का गठन नहीं किया गया है। इससे देशभर के लाखों कोयला श्रमिकों और उनके परिवारों के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ती महंगाई के दौर में मजदूरों को उचित वेतन एवं सुविधाओं से वंचित रखना उचित नहीं है।

अजय विश्वकर्मा ने कहा कि कोयला मजदूर देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही जेबीसीसीआई-12 का गठन कर वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो देशभर के मजदूर संगठन चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसी क्रम में 1 जुलाई 2026 को देश के सभी कोयला क्षेत्रों में ‘मांग दिवस सह आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र सरकार, कोल इंडिया प्रबंधन और संबंधित मंत्रालय का ध्यान कोयला श्रमिकों की मांगों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

महासचिव ने सभी कोयला कर्मचारियों, पदाधिकारियों और श्रमिक हितैषियों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल वेतन समझौते का नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा का भी है।


अन्य पोस्ट