सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 22 जून। सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी को रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कराने के नाम पर 3.22 लाख रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत बिश्रामपुर थाने में दर्ज कराई है।
प्रार्थी राजेंद्र बहादुर के.सी जो बिश्रामपुर डीएवी विद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी की सहेली के माध्यम से पुणे स्थित ड्रीम फ्लाई एजुकेशन कंसल्टेशनस से संपर्क हुआ था। संस्था के डायरेक्टर डॉ. शशीर डोंगरे और उनके सहायक यश ने रूस में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिया।
आवेदन के अनुसार, पहले एडमिशन शुल्क के नाम पर 60 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद वीजा, प्रक्रिया शुल्क और रूस पहुंचने पर होने वाले खर्च के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 3 लाख 22 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।
पीडि़त ने बताया कि 16 नवंबर 2025 को उसकी बेटी नेपाल के काठमांडू एयरपोर्ट से रूस जाने के लिए पहुंची, लेकिन इमिग्रेशन में दस्तावेजों की कमी बताकर उसे रोक दिया गया।
इसके बाद संस्था के प्रतिनिधियों ने कुछ दिनों में पैसे वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक न तो बेटी का रूस में प्रवेश हो सका और न ही जमा की गई राशि वापस की गई।
पीडि़त ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए बिश्रामपुर थाना पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।