सूरजपुर
सूरजपुर, 22 जून। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर रेना जमील ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी शिकायतों का अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्रतानुसार निराकरण किया जाए तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि शासन की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।