सूरजपुर
सूरजपुर, 22 जून। युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में ‘अभियान नवजीवन’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को थाना भटगांव पुलिस ने स्थानीय एडी जुबली स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, पढ़ाई, करियर, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नागरिक मानस पोर्टल के टोल-फ्री नंबर 1933, पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाना प्रभारी को सूचना दे सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगोली, पोस्टर और निबंध के माध्यम से नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दुर्गा राजवाड़े प्रथम, अंश द्वितीय और माही सिंह तृतीय रहे। रंगोली प्रतियोगिता में ऋतु राजवाड़े प्रथम, नंदिनी तिवारी द्वितीय और श्रेया मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि निबंध प्रतियोगिता में अंश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को थाना प्रभारी द्वारा मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, पार्षद लक्ष्मी महतो, पीएसआई कृष्ण भास्कर, अनिमेष दास, एएसआई विवेकानंद सिंह, राजकिशोर खलखो, स्कूल के प्राचार्य लियोस सदोम, शिक्षकगण, पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।