सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला मुख्यालय के रंगमंच मैदान में जिलास्तरीय कार्यक्रम योग फॉर हेल्दी एजिंग थीम पर उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास अत्यंत आवश्यक है और योग इसके लिए एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन के साथ अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को योग के लिए प्रेरित करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि योग हमें स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखता है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने का आह्वान करते हुए छात्र जीवन में योग को अनिवार्य रूप से अपनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करने की अपील की।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का अवसर है। वर्तमान समय में मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं तथा स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। योग मानसिक शांति, आत्मसंतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति हैं और वरिष्ठजन उसकी धरोहर हैं, इसलिए प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए तथा बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही योग सीखने और अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, मुरली मनोहर सोनी, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, ठाकुर रजवाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डीएफओ सूरजपुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में माध्यमिक शाला तिलाईमुड़ा, रामानुजनगर के विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं अनुशासित योग प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहा।
टी शर्ट वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति
रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयुष विभाग द्वारा वितरण किए जा रहे टी शर्ट को लेकर मौके पर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित कर दी। टी शर्ट वितरण जैसे शुरू हुआ, मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में मानो टी शर्ट लूटने की होड़ मच गई। उक्त घटना ने मौके पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति निर्मित कर दी। घटना की किसी शख्स द्वारा वीडियो बना सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया, जो आज पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।