सूरजपुर

जनदर्शन में पार्षद ने सौंपा आवेदन
20-Jun-2026 12:27 PM
जनदर्शन में पार्षद ने सौंपा आवेदन

प्रतापपुर,19 जून। नगर पंचायत प्रतापपुर के वार्ड क्रमांक 08 अंबेडकर वार्ड के पार्षद विजय नायक ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पार्षद निधि से होने वाले विकास कार्यों की वर्तमान व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्षद निधि से स्वीकृत कार्यों को ठेकेदारों के माध्यम से कराने के बजाय संबंधित पार्षदों को ही कार्य कराने की अनुमति दी जानी चाहिए।

कलेक्टर को दिए गए आवेदन में पार्षद विजय नायक ने उल्लेख किया है कि शासन द्वारा वार्डों के विकास के लिए पार्षद निधि उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था के तहत कार्यों के लिए टेंडर जारी कर ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपी जाती है। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया के कारण कई बार वार्डों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य नहीं हो पाते तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्राथमिकताओं पर भी असर पड़ता है।

पार्षद ने मांग करते हुए कहा कि पार्षद निधि की राशि से होने वाले कार्य संबंधित पार्षदों की निगरानी एवं सहभागिता में कराए जाएं। इससे वार्ड स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी और स्थानीय जनता को प्रत्यक्ष लाभ पहुंच सकेगा।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते पार्षद अपने वार्ड की समस्याओं और जरूरतों से भली-भांति परिचित होते हैं।

यदि उन्हें विकास कार्यों के संचालन का अवसर दिया जाए तो स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराए जा सकते हैं।


अन्य पोस्ट