सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जरही, 19 जून। महान-2 खुली खदान परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने एवं संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम चउरा, परसवार कला एवं पंपापुर में ग्राम सभा एवं मुनादी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें खदान प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को महान-2 खदान परिसर से जुड़े सुरक्षा जोखिमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि खदान क्षेत्र एक प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश एवं आवागमन पूर्णत: वर्जित है। अधिकारियों ने कहा कि खदान परिसर में कई स्थान धंसान-प्रवण एवं अत्यंत जोखिमपूर्ण हैं, जहां असावधानी बरतने पर जन-धन की हानि हो सकती है।
ग्राम सभाओं में उपस्थित ग्रामीणों को खदान क्षेत्र में मौजूद संभावित खतरों, सुरक्षा मानकों और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही खदान परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश न करने तथा बच्चों एवं मवेशियों को भी खदान क्षेत्र से दूर रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपक्षेत्रीय प्रबंधक मयंक वर्मा, खान प्रबंधक रंजीत जायसवाल, सर्वेक्षण अधिकारी लकेश्वर प्रसाद कुर्रे, ओवरमैन ऋषिकांत भगत, पीसीएसए जगरनाथ प्रसाद, नरसिंह एवं अविनाश शंकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं ग्राम चउरा के सरपंच बालकृष्ण, परसवार कला के सरपंच रामकिशुन, चउरा के उपसरपंच अजय यादव तथा तीनों गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को जागरूक कर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण गतिविधि से बचने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने खदान प्रबंधन द्वारा बताए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। खदान प्रबंधन ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति सतर्क और जागरूक बनाने की बात कही।