सूरजपुर

शासकीय भूमि का पट्टा दिलाने व दिल्ली ट्रेन के ठहराव की मांग, सीएम को सौंपा ज्ञापन
19-Jun-2026 4:13 PM
शासकीय भूमि का पट्टा दिलाने व दिल्ली ट्रेन  के ठहराव की मांग, सीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,19 जून।सरगुजा संभाग की दो महत्वपूर्ण जनहित मांगों को लेकर अधिवक्ता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व्यापार प्रकोष्ठ प्रदीप कुमार गर्ग ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिवनंदनपुर प्रवास के दौरान मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के बिश्रामपुर स्टेशन पर ठहराव तथा नगर पंचायत शिवनंदनपुर के सैकड़ों परिवारों को शासकीय भूमि का पट्टा प्रदान करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस सरगुजा संभाग को देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जोडऩे वाली एकमात्र महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इस ट्रेन से हजारों छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और उपचार के लिए दिल्ली जाने वाले मरीज लाभान्वित होते हैं। लेकिन बिश्रामपुर जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

प्रदीप गर्ग ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिश्रामपुर, शिवनंदनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली एवं उत्तर भारत की ओर यात्रा करते हैं। ट्रेन के ठहराव के अभाव में यात्रियों को अतिरिक्त खर्च कर अंबिकापुर या सूरजपुर रोड स्टेशन तक पहुंचना पड़ता है, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियां उठानी पड़ती हैं। उन्होंने जनहित को देखते हुए ट्रेन का ठहराव बिश्रामपुर सहित सरगुजा संभाग के प्रमुख स्टेशनों पर सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन का दूसरा प्रमुख विषय नगर पंचायत शिवनंदनपुर के एनएच-43 के उत्तरी हिस्से में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से अंबेडकर चौक तक निवासरत परिवारों को भूमि का पट्टा प्रदान करने से जुड़ा रहा। ज्ञापन में बताया गया कि इस क्षेत्र में सैकड़ों परिवार पिछले 50 से 60 वर्षों से मकान और दुकान बनाकर निवास कर रहे हैं तथा पीढिय़ों से यहीं अपनी आजीविका चला रहे हैं। इसके बावजूद उनके पास भूमि का वैध पट्टा नहीं है, जिससे वे असुरक्षा की भावना में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि पट्टा नहीं होने के कारण इन परिवारों को कई शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। वर्षों से क्षेत्र के विकास और नगर की आर्थिक गतिविधियों में योगदान देने वाले इन परिवारों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शासकीय भूमि का पट्टा प्रदान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें स्थायी आवासीय और व्यावसायिक अधिकार मिल सकें।

अधिवक्ता प्रदीप कुमार गर्ग ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई।


अन्य पोस्ट