सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 19 जून। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना सूरजपुर जिला के प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम रमगांव में दम तोड़ती नजर आ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित पानी टंकी वर्षों बाद भी चालू नहीं हो सकी है। स्थिति यह है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों और मासूम बच्चों को आज भी पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र के पास वर्षों से एक हैंडपंप संचालित था, जिससे आंगनबाड़ी और स्कूल के बच्चों सहित आसपास के ग्रामीणों की पेयजल जरूरतें पूरी होती थीं। जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण के दौरान इसी हैंडपंप के बोर को टंकी से जोड़ दिया गया और उसमें सबमर्सिबल पंप भी स्थापित किया गया। हालांकि न तो टंकी तक पानी पहुंच पाया और न ही आज तक बिजली कनेक्शन की व्यवस्था हो सकी।
इस लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि करोड़ों की योजना शुरू नहीं हो पाई और पहले से सुचारू रूप से चल रहा हैंडपंप भी बंद हो गया। अब गांव में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। सबसे अधिक परेशानी आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को पीने के लिए अपने घरों से पानी की बोतलें भरकर लानी पड़ती हैं। वहीं आंगनबाड़ी में भोजन बनाने वाली रसोइया भी अपने घर से पानी लेकर आती है। भोजन के दौरान भी बच्चों को घर से लाया गया पानी ही पीना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि जल जीवन मिशन की योजना शुरू नहीं हो पा रही है तो कम से कम पहले की तरह हैंडपंप को चालू कर दिया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इधर, वर्षों से बंद पड़ी पानी टंकी की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है। रखरखाव और संचालन के अभाव में लाखों रुपये की यह परियोजना शोपीस बनकर रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन का यह कार्य भ्रष्टाचार और विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। भारी राशि खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को योजना का कोई लाभ नहीं मिल रहा।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की उदासीनता के कारण योजनाएं धरातल पर दम तोड़ रही हैं। इसका सीधा खामियाजा ग्रामीणों और मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
इस संबंध में एसडीएम ललिता भगत ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित विभाग से जवाब-तलब किया जाएगा तथा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चल रहे हैंडपंप को बंद कर सबमर्सिबल पंप लगाया गया और उसके बाद भी योजना शुरू नहीं हो सकी, यह अत्यंत गंभीर विषय है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा शीघ्र पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।